महाकुम्भनगर,18फरवरी2025(एजेंसिया)महाकुंभ मेले में माघ पूर्णिमा के बाद भी भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सोशल मीडिया पर तरह-तरह की सूचनाएं भी तैर रही हैं। भीड़ के कारण महाकुंभ को मार्च तक एक्सटेंशन की भी सूचनाएं चल रही हैं। इस सूचन को प्रयागराज के जिलाधिकारी ने अफवाह बताया है। प्रयागराज के डीएम रविंद्र मांदड़ ने ऐसी अफवाहों का सिरे से खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह नितांत अफवाह है। महाकुंभ मेले का जो शेड्यूल जारी होता है, वह मुहूर्त के हिसाब से जारी होता है और पहले से तय होता है। 26 फरवरी महाशिवरात्रि को निर्धारित तिथि पर ही महाकुंभ का समापन होगा और तब तक जो भी श्रद्धालु आ रहे हैं, उन सभी के सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन को बंद किए जाने को लेकर डीएम ने कहा कि कोई रेलवे स्टेशन बिना पूर्व सूचना के बंद नहीं किया गया है। यह भी कोरी अफवाह है। उन्होंने कहा कि दारागंज में प्रयाग संगम स्टेशन पीक डेज पर हम पहले भी बंद करते आए हैं। चूंकि यह स्टेशन मेले से सटा हुआ है, इसलिए यहां ज्यादा भीड़ इकट्ठा न हो, इसलिए इसको स्थाई रूप से बंद किया गया है। इसके अतिरिक्त जितने भी हमारे स्टेशन हैं सभी ऑपरेशनल हैं और बड़ी संख्या में लोग वहां से आ और जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सरकार और जिला प्रशासन के लिए एतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन पर हम सभी गतिविधियों को सामान्य रूप से संचालित कर रहे हैं। अभी तक किसी भी छात्र की परीक्षा नहीं छूटी है। पूर्व में भी हमने अपील की थी कि बोर्ड परीक्षा दे रहे सभी छात्र और पेरेंट्स निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचें। सभी ने इस पर अमल किया है। सी बी एस सी और आईसीएसई बोर्ड ने भी निर्णय लिया है कि यदि किसी का एग्जाम छूटता है तो छात्र को परीक्षा के अंत में एक और अवसर प्राप्त हो सकेगा।

Recent Comments