

देहरादून। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 109 फरियादियों ने अपनी शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से आए।
सबसे मार्मिक मामला कोविड और पारिवारिक त्रासदी से गुजर चुकीं 75 वर्षीय विधवा माया देवी का था। उन्होंने बताया कि बड़े बेटे की कोविड में और छोटे बेटे की पिछले साल मृत्यु के बाद वह अकेली पुस्तैनी मकान में रह रही हैं। आरोप लगाया कि नातिन गलत संगति और नशे की गिरफ्त में आकर एक मित्र के साथ उसी मकान में ‘लिव-इन’ में रह रही है और उनका मानसिक उत्पीड़न कर घर से बेदखल करने का प्रयास कर रही है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता देखते हुए प्रभारी महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अन्य प्रमुख शिकायतें और कार्रवाई
- संपत्ति विवाद: विधवा भगवान देई ने शिकायत की कि छोटे बेटे-बहू बड़े बेटे की जमीन पर कब्जा करने के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसडीएम सदर और सीओ रायपुर को तुरंत कार्रवाई को कहा गया।
- मारपीट का आरोप: कांवली रोड निवासी सुरेन्द्र कुमार ने पुत्र-बहू पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए संपत्ति से बेदखल करने की मांग की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश।
- बस सेवा नहीं: डोईवाला-थानों मार्ग पर परिवहन निगम, स्मार्ट सिटी या इलेक्ट्रिक बस न चलने से लोगों को हो रही दिक्कत पर डीएम ने एसीईओ को तलब कर तुरंत वार्ता के आदेश दिए।
- मुआवजे में देरी: कालसी के लूहन गांव के 6 किसानों ने लखवाड़ बांध परियोजना में अधिग्रहित जमीन का पुनर्स्थापन अनुदान न मिलने की शिकायत की। अधिशासी अभियंता से तत्काल आख्या मांगी। प्रेमनगर के सुनील कुमार ने बताया कि 6 साल पहले डोईवाला-प्रेमनगर सड़क चौड़ीकरण में मकान टूटा लेकिन मुआवजा नहीं मिला। अधिकारियों को पात्र मुआवजा शीघ्र देने के निर्देश।
- अन्य मामले: बल्लूपुर के रमेश चन्द्र की भूमि पैमाइश, अधोईवाला आंचल डेयरी में अनियमितता की शिकायत पर डेयरी निदेशक से जांच, हरिपुर ढकरानी के बाबूराम के अधिक पानी बिल की जांच, सहाना प्रवीन की जमनपुर और रायवाला में अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम को अतिक्रमण हटाने के आदेश।
- पेयजल और शिक्षा: वाणी विहार, जैन प्लॉट, रामगढ़ और भगत सिंह कॉलोनी में पेयजल बाधित होने पर जल संस्थान को आपूर्ति दुरुस्त करने को कहा। बनियावाला की विधवा विद्या सिंह और नेहरू कॉलोनी की पूनम भटनागर ने आर्थिक तंगी से बच्चों की स्कूल फीस माफी और रोजगार की मांग की। संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश।
समाधान दिवस के अंत में डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि हर शिकायत का संवेदनशीलता और समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। सीएम पोर्टल की शिकायतों का भी त्वरित निपटारा किया जाए।
इस अवसर पर एडीएम केके मिश्रा, एडीएम स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments