

देहरादून। देश के स्कूली शिक्षकों के सबसे बड़े सम्मानों में से एक शिव नाडर फाउंडेशन-ऑक्सफोर्ड सईद इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026 के पहले संस्करण के लिए 79 शिक्षकों को राष्ट्रीय फाइनल के लिए चुना गया है। 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक पंजीकरण के बाद इन शिक्षकों का चयन किया गया है।
फाइनल में बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, गुजरात, उत्तर प्रदेश, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के शिक्षक शामिल हैं। सभी फाइनलिस्ट 3 से 5 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। राष्ट्रीय फाइनल 4 सितंबर को शिव नाडर यूनिवर्सिटी, दिल्ली-एनसीआर में आयोजित होगा।
इस अवॉर्ड में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले शिक्षक आठ विषय श्रेणियों- बिजनेस स्टडीज एवं एंटरप्रेन्योरशिप, कंप्यूटर साइंस, इकोनॉमिक्स, इंग्लिश, एनवायरनमेंटल साइंस, जियोग्राफी, मैथमेटिक्स और फिजिक्स में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
शिव नाडर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सईद बिजनेस स्कूल द्वारा स्थापित ये पुरस्कार कक्षा में उत्कृष्ट शिक्षण, पढ़ाने के नए तरीकों, विद्यार्थियों पर प्रभाव और स्कूल-समुदाय में नेतृत्व के लिए दिए जा रहे हैं। चयन में केवल शैक्षणिक योग्यता या अनुभव नहीं, बल्कि शिक्षक अपने विषय ज्ञान को विद्यार्थियों तक कितने प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं, इसे आधार बनाया गया है।
राष्ट्रीय फाइनल में प्रत्येक फाइनलिस्ट अपने कार्य को जूरी के सामने प्रस्तुत करेगा। जूरी में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के शिक्षाविदों के साथ भारत के प्रमुख शिक्षा विशेषज्ञ शामिल होंगे। मूल्यांकन में विषय की समझ, पढ़ाने के तरीके, मूल्यांकन-फीडबैक, समावेशी शिक्षा, विद्यार्थियों की भागीदारी और सीखने के प्रमाण जैसे पहलुओं को परखा गया है।
फाइनलिस्टों में से 16 शिक्षकों को विजेता चुना जाएगा। सरकारी और निजी स्कूलों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सभी आठ विषयों में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
विजेताओं को पांच सप्ताह के हाइब्रिड प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम में भाग लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सईद बिजनेस स्कूल में एक सप्ताह के आवासीय लर्निंग एंड डेवलपमेंट प्रोग्राम के लिए पूरी तरह फंडेड स्कॉलरशिप दी जाएगी।
4 सितंबर को होने वाला राष्ट्रीय फाइनल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न स्कूल प्रणालियों और क्षेत्रों के शिक्षकों के बीच अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान का राष्ट्रीय मंच भी बनेगा।
फाइनलिस्टों की पूरी सूची वेबसाइट https://www.sbs.ox.ac.uk/about/indias-best-teachers-awards पर उपलब्ध है।

Recent Comments