लक्ष्यद्वीप/देहरादून,19मार्च 2025 (आरएनएस ) उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत अपनी विभागीय टीम के साथ चार दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर लक्ष्यद्वीप पहुंचे हैं। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने अगाती द्वीप के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। उन्होंने स्कूलों में शिक्षा प्रणाली, शिक्षण विधियों और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से बातचीत की और शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों से भी बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के तहत लक्ष्यद्वीप के शैक्षणिक दौरे पर गए डॉ. रावत ने बताया कि वह 22 मार्च तक लक्ष्यद्वीप में रहेंगे। वह अपनी टीम के साथ लक्ष्यद्वीप के शिक्षा मॉडल का अध्ययन करेंगे और शिक्षा में नवाचार, शैक्षिक प्रौद्योगिकी, शिक्षक प्रशिक्षण और मूल्यांकन प्रणाली को समझेंगे।

अपने चार दिवसीय दौरे के पहले दिन, उन्होंने अगाती द्वीप के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरकारी जूनियर बेसिक स्कूल का दौरा किया। उन्होंने प्रधानाचार्य और शिक्षकों से मुलाकात की और स्कूलों में लागू शिक्षा प्रणाली, शिक्षण विधियों, पाठ्यक्रम, बुनियादी ढांचे और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई और शैक्षिक गतिविधियों के बारे में जाना।
डॉ. रावत ने कहा कि लक्ष्यद्वीप का शिक्षा मॉडल पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सामुदायिक भागीदारी के मामले में प्रेरणादायक है। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में प्रौद्योगिकी के उपयोग और स्थानीय संसाधनों के बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि लक्ष्यद्वीप के शिक्षा मॉडल के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं को उत्तराखंड की शिक्षा नीति में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। डॉ. रावत ने कहा कि यह शैक्षणिक दौरा उत्तराखंड और लक्ष्यद्वीप के बीच शैक्षिक सहयोग को बढ़ावा देगा और राज्य की शिक्षा प्रणाली को मजबूत करेगा।
इस शैक्षणिक दौरे में शिक्षा सचिव रविनाथ रमन, एससीईआरटी निदेशक अजय नौटियाल, अतिरिक्त निदेशक पदमेंद्र सकलानी, मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर गजेंद्र सिंह सोन, स्टाफ ऑफिसर एसएमएसए भगवती प्रसाद मंदोली, प्रवक्ता एससीईआरटी भुवनेश्वर प्रसाद पंत और सरकारी प्राथमिक विद्यालय बागेश्वर के प्रधानाध्यापक ख्याली दत्त शर्मा सहित कई विभागीय अधिकारी शामिल हैं।

Recent Comments