मेरे पास ऐसे कार्ड हैं, जिन्हें खोला तो चीन बर्बाद हो जाएगा, ट्रम्प ने दी 200प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी

वॉशिंगटन ,26 अगस्त ।  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन को लेकर एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। ट्रम्प ने चीन पर 200 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि चीन ने अमेरिका को पर्याप्त मात्रा में मैग्नेट (चुम्बक) की आपूर्ति नहीं की, तो उस पर भारी आयात शुल्क लगाया जा सकता है।
ट्रम्प ने यह बयान ओवल ऑफिस में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि वे चीन के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं, लेकिन व्यापारिक तनाव अभी भी बना हुआ है। ट्रम्प ने कहा, चीन के पास कुछ कार्ड हैं, हमारे पास भी कुछ कार्ड हैं, लेकिन मैं वो पत्ते नहीं खेलना चाहता। अगर मैंने ऐसा किया, तो चीन बर्बाद हो जाएगा। मैं ये पत्ते नहीं खेलूंगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात हुई है और वे बीजिंग की यात्रा पर विचार कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा, किसी भी समय, शायद इसी साल या उसके तुरंत बाद, मैं चीन जा सकता हूं। उन्होंने यह भी बताया कि शी जिनपिंग ने उन्हें आधिकारिक निमंत्रण दिया है। इससे पहले, ट्रम्प ने 12 अगस्त को अमेरिका-चीन टैरिफ डेडलाइन को 90 दिनों के लिए बढ़ाने का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने 9 नवंबर तक की नई समय सीमा के लिए एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
गौरतलब है कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध कई वर्षों से चला आ रहा है। पिछली बार दोनों देशों के बीच 11 मई को जिनेवा में एक ट्रेड डील हुई थी। इससे पहले ट्रम्प ने चीन पर 245 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिसके जवाब में चीन ने भी 125 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने की बात कही थी। हालांकि, जिनेवा डील के बाद इन टैरिफ्स को टाल दिया गया था। ट्रम्प के हालिया बयान ने एक बार फिर वैश्विक व्यापार जगत की चिंताओं को बढ़ा दिया है। आने वाले समय में अमेरिका-चीन संबंध किस दिशा में जाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments