देहरादून । देहरादून पुलिस ने शनिवार रात सांई मंदिर इलाके में एक होम स्टे पर छापा मारकर बिना अनुमति देर रात तक चल रही एक पार्टी को रोका। इस दौरान पार्टी में शामिल 11 लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और बिना अनुमति पार्टी आयोजित करने के आरोप में उनके खिलाफ चालान किया गया।
यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देशों के बाद की गई, जिन्होंने वीकेंड पर बिना अनुमति देर रात तक चलने वाली पार्टियों और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे हुड़दंग पर अंकुश लगाने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने सभी होम स्टे, गेस्ट हाउस और क्लब संचालकों को चेतावनी दी है कि ऐसे कोई भी कार्यक्रम बिना अनुमति के आयोजित किए गए तो उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को शनिवार रात एक होम स्टे पर बिना अनुमति पार्टी चलने की सूचना मिली थी। इस पर एएनटीएफ की एक टीम क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने वहाँ चल रही एक बर्थडे पार्टी पाई। मादक पदार्थों के सेवन की आशंका के चलते पुलिस ने सभी 11 युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया, हालाँकि प्राथमिक जाँच में किसी भी तरह के नशे की पुष्टि नहीं हुई।
फिर भी, बिना अनुमति देर रात तक पार्टी आयोजित करने के जुर्म में सभी 11 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोकथाम के लिए ऐसी निगरानी जारी रहेगी।

Recent Comments