देहरादून। समाज कल्याण विभाग एवं राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान द्वारा सोमवार को देहरादून में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्यभर से चयनित दिव्यांग कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों को उनकी अद्भुत उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में गौरव और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने अपनी क्षेत्रीय उपलब्धियों को साझा करते हुए सभी को प्रेरित किया।
मंच को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा—
“हमारे साथी अपने कर्म, प्रतिबद्धता और अदम्य जज़्बे से यह साबित कर रहे हैं कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की सीमितता नहीं, बल्कि असाधारण क्षमता का प्रतीक भी बन सकती है। यदि संकल्प प्रबल हो और आत्मविश्वास अटूट, तो कोई भी चुनौती इंसान का रास्ता नहीं रोक सकती।”


उन्होंने आगे कहा कि दिव्यांगजन समाज को नई दिशा देने वाले प्रेरणा-पुरुष और प्रेरणा-नारी हैं। सरकार का दायित्व है कि उन्हें वह सभी अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिनसे वे अपनी प्रतिभा का अधिक से अधिक प्रदर्शन कर सकें।
मंत्री सुबोध उनियाल ने राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि—
“ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है। साथ ही समाज में संवेदना, सहयोग और समान अवसर देने के भाव को भी बढ़ावा मिलता है।”

दक्षता समारोह में विधायक सविता हरबंस कपूर, विभागीय अधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी व उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Recent Comments