नर्सिंग एकता मंच ने सौंपा ज्ञापन, वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर जारी है आंदोलन
देहरादून। बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों का धरना 67वें दिन भी जारी है। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले एकता बिहार स्थित धरना स्थल पर चल रहे इस आंदोलन के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर और सचिव राजेंद्र कुकरेती ने यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों की लंबित मांगों से अवगत कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से धरना चल रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे निराशा और रोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की तरह वर्षवार (Year-wise Recruitment) लागू किया जाए। उनका तर्क है कि नियमित वर्षवार भर्ती न होने के कारण विभिन्न बैचों के योग्य और प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारी वर्षों से बेरोजगार बैठे हैं। मंच ने प्रशासन से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए तथा रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं।
नर्सिंग एकता मंच के प्रवक्ता ने कहा, “नर्सिंग अधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। भर्ती में वर्षों से चल रही अनियमितताओं ने न केवल युवाओं का भविष्य अधर में लटकाया है, बल्कि इसका सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ रहा है। हमें उम्मीद है कि स्वास्थ्य मंत्री जल्द ही इस ओर ठोस पहल करेंगे।”
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारी नर्सिंग अधिकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर समुचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से होने वाले अगले कदम पर टिकी हैं।

Recent Comments