पूर्व सीएम हरीश रावत और वैभव वालिया ने बिखेरे सौहार्द के रंग
देहरादून। राजधानी के धरमपुर विधानसभा क्षेत्र में आज रंगों की जगह फूलों की खुशबू और भाईचारे का उल्लास देखने को मिला। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया द्वारा आयोजित ‘फूलों की होली’ कार्यक्रम ने न केवल उत्सव की उमंग बिखेरी, बल्कि समाज को एकजुटता और प्रेम का संदेश भी दिया। इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की धरती प्रेम, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान की मिसाल है। हमारी संस्कृति हमें जोड़ना सिखाती है।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए जमीन पर काम करने का आह्वान किया।
आयोजक वैभव वालिया ने कहा कि होली का त्योहार समाज में सकारात्मक संवाद और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा से समावेशी रही है, जहाँ हर वर्ग और हर व्यक्ति के लिए सम्मान है।

कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति और उत्सव के गीतों से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर पारंपरिक तरीके से होली खेली। इस दौरान प्रदेश की खुशहाली और प्रगति के लिए सामूहिक कामना भी की गई।
इस गरिमामयी आयोजन में कांग्रेस के तमाम दिग्गज और स्थानीय नेता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व दायित्वधारी संजय शर्मा, पूर्व पार्षद अनूप कपूर, पीयूष गौड़, पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल, कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, शीशपाल बिष्ट, अभिनव थापर, नानक चंद, मंकला थापा, इंदु थापा, राम कृष्ण यादव, राम बाबू, मंजू त्रिपाठी, पार्षद प्रत्याशी नवीन रमोला, अनीता सकलानी, आयुष सेमवाल, अमन सिंह, आशीष भारद्वाज, स्वाति नेगी, ललित थापा, विकास नेगी, अजय रावत और सूरत लंबा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने फूलों की होली खेलकर आगामी चुनाव और सामाजिक कार्यों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।

Recent Comments