नई दिल्ली/देहरादून । पूर्व सैनिकों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर सियासी सरगर्मी तेज रही।Ex-Servicemen Department – All India Congress Committee (AICC) के बैनर तले आयोजित विशाल धरने में देशभर से आए पूर्व सैनिकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग के चेयरमैन कर्नल रोहित चौधरी ने केंद्र की मोदी सरकार पर वीरों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
इस धरने में मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगों को लेकर सरकार को घेरा गया। सबसे प्रमुख मांग वर्ष 2026 के केंद्रीय बजट में डिसेबिलिटी पेंशन (विकलांगता पेंशन) पर प्रस्तावित टैक्स को तुरंत वापस लेने की थी। वक्ताओं ने बताया कि 1922 (104 साल) से चली आ रही इस टैक्स-फ्री पेंशन की परंपरा को तोड़ना सैनिक समाज के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व वाली सरकार ने भी इस व्यवस्था को बरकरार रखा था, लेकिन अब मोदी सरकार ने इसे समाप्त करने का दुस्साहस किया है।
प्रदर्शनकारियों ने ECHS (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) के तहत लंबित करीब 14,000 करोड़ रुपये के बकाया का तुरंत भुगतान करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा, अग्निपथ योजना को तुरंत समाप्त करने और भाजपा शासित राज्यों में सैनिकों के साथ हो रही मारपीट व अपमान की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को भी जोर-शब्दों से उठाया गया।

धरने को संबोधित करते हुए कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सैनिक समाज के हितों की लड़ाई हर मंच पर लड़ी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में राहुल गांधी ने संसदीय समिति की बैठक से लेकर वित्त मंत्री और रक्षा मंत्री को पत्र लिखकर लगातार ये मुद्दे उठाए हैं। जंतर-मंतर पर आज का धरना उसी अभियान का हिस्सा है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने चेतावनी दी कि ऑपरेशन सिंदूर जैसे सुरक्षा अभियानों के दौरान यदि सैनिकों और पूर्व सैनिकों का मनोबल गिरता है तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
रैली में उत्तराखंड पूर्व सैनिक कांग्रेस के अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी के नेतृत्व में प्रदेश के पूर्व सैनिक कांग्रेस पदाधिकारियों ने बडी संख्या में प्रतिभाग किया। रैली में लेफ्टिनेंट गोपाल गड़िया उपाध्यक्ष , सूबेदार कुन्दन सिंह जिला अध्यक्ष नैनीताल, सूबेदार कमल सिंह उत्तरकाशी कांग्रेस, कैप्टन बचन सिंह जिलाअध्यक्ष चमोली, सूबेदार बृज पाल नगर अध्यक्ष कोटद्वार, सूबेदार सुरजीत डीसीसी परवादून और उत्तराखंड से 150 पूर्व सैनिक और उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ता ने भाग लिया।

Recent Comments