देहरादून । एसएसपी दून की रणनीति एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ी है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद एक छात्र की मौत के बहुचर्चित प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त समेत दो इनामी आरोपितों को दून पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब दोनों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून ला रही है।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 की रात्रि को केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट की गंभीर घटना हुई थी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 55/26 धारा 3(5)/61(2)/103(1)/191(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार अभियुक्तों युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस विवेचना और पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों के नाम भी प्रकाश में आए। इसके बाद फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों ने लगातार गैर-प्रांतों में दबिश दी, लेकिन अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। फरारी जारी रहने पर एसएसपी देहरादून ने सभी फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से इनकी तलाश तेज कर दी।
वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पर गठित पुलिस टीम ने फरार इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस टीम ने अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिशें दीं और सर्विलांस के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। अंततः प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह तथा अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम सिंह को आकाश रिसॉर्ट, पुरूलिया, थाना बांगमुंडी, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त प्रहलाद राज बिहार के नवादा जिले के हनुमान नगर न्यू एरिया का निवासी है और वर्तमान में सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून में रह रहा था। दूसरा अभियुक्त अंकुर पुत्र पुरुषोत्तम कुमार बिहार के गोपालपुर जिले के महल्दीचक सोनपर का निवासी है और वह भी वर्तमान में सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तराखंड से बाहर छिपते फिर रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी को इस हत्याकांड के खुलासे और कानूनी कार्रवाई की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रेमनगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनीत कुमार, उपनिरीक्षक सैंकी चौधरी, उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल श्रीकांत, कांस्टेबल आशीष राठी, कांस्टेबल आबिद, कांस्टेबल श्रीकांत ध्यानी और कांस्टेबल जितेन्द्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Recent Comments