देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने रविवार देर शाम काली बस्ती, सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मकान की छत (टेरिस) पर कुल 7 गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें 4 व्यावसायिक सिलेंडर (भारत एवं एचपी कंपनी) तथा 3 घरेलू सिलेंडर (इंडियन ऑयल कंपनी) शामिल थे। जांच में सामने आया कि 4 में से 3 व्यावसायिक सिलेंडर आंशिक रूप से भरे हुए थे, जबकि घरेलू सिलेंडरों में 1 भरा हुआ एवं 2 खाली अवस्था में मिले।
प्रथम दृष्टया घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं संभावित कालाबाजारी का मामला प्रतीत होने पर सभी 7 सिलेंडरों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। जब्त सिलेंडरों को विधिक कार्यवाही के तहत जीवन ज्योति गैस सर्विस, कैनाल रोड, किशनपुर, देहरादून की सुपुर्दगी में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध रिफिलिंग एवं अनधिकृत भंडारण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Recent Comments