देवराज को गोली मार लूटे दो लाख, पीछा करने पहुंची पुलिस पर भी बरसाईं गोलियां
देहरादून । प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार/बुधवार की रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौर घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में लूट का शिकार हुए व्यक्ति को भी गोली लगी है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 29/30 अप्रैल की रात थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है और इसी दौरान उसे गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां घायल अवस्था में मिले पीड़ित ने अपना नाम देवराज बताया।
घायल देवराज ने पुलिस को बताया कि कुछ बदमाश काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की और गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बदमाश उसके पास से नीले रंग का बैग लूट ले गए, जिसमें करीब दो लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य जरूरी कागजात रखे थे।
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस घायल देवराज को साथ लेकर बदमाशों के बताए गए रास्ते की ओर रवाना हुई। कुछ दूरी पर जंगल की तरफ जाती एक काले रंग की कार दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते समय कार सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा जारी रखा, लेकिन इसी दौरान बदमाशों ने फिर से फायरिंग की। इस गोलीबारी में प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थानाध्यक्ष नरेश राठौर को तत्काल प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर लाया गया, जहां से तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी देहरादून तत्काल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पूरे जनपद में सभी नाकों और बैरियरों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसएसपी देहरादून ने अस्पताल पहुंचकर घायल थानाध्यक्ष और पीड़ित की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। वहीं, कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर मृत बदमाश के संबंध में भी जानकारी ली गई। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आवश्यक पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई जारी है।

Recent Comments