हरिद्वार से आए प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को दिया ज्ञापन, मुठभेड़ का विरोध करने वालों को आंदोलन की चेतावनी
देहरादून । हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र से आए मुस्लिम संगठन के पदाधिकारियों ने आज पुलिस कार्यालय देहरादून में एसएसपी से मुलाकात कर विगत दिनों हुई पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश को ढेर किए जाने पर प्रशंसा पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी देहरादून और निरीक्षक नरेश राठौर के अदम्य साहस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने एसएसपी देहरादून को ज्ञापन देते हुए अपराधियों के खिलाफ उठाए जा रहे कड़े कदमों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने मुठभेड़ में घायल हुए निरीक्षक नरेश राठौर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निरीक्षक राठौर ने जिस बहादुरी से बदमाश का सामना किया, वह पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है।
सबसे अहम बात यह रही कि प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की इस कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी ने इस मुठभेड़ का विरोध किया तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का समाज के हर वर्ग द्वारा स्वागत किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी देहरादून की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जो अभियान चलाया है, उससे शहर में कानून का शासन मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र से आए मुस्लिम संगठन के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments