वीकेंड पर संभलकर दून आइए! ट्रैफिक प्लान लागू, पुलिस अलर्ट

09 और 10 मई को मसूरी, ऋषिकेश, चकराता मार्गों पर रहेगा विशेष यातायात प्रबंधन, 180 पुलिसकर्मी तैनात

देहरादून। वीकेंड के दौरान मसूरी, ऋषिकेश, चकराता सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 09 मई से 10 मई 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक द्वारा संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत रूट एवं डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।

दून पुलिस ने आशारोड़ी और डोईवाला से मसूरी तक के मार्ग को 05 सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित करते हुए कुल 180 अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की है। इसके अलावा मसूरी, देहरादून शहर और मसूरी मार्गों की निगरानी के लिए तीन अलग-अलग ड्रोन टीमों को भी लगाया गया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार सभी प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों एवं संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वीकेंड के दौरान दिल्ली, हरियाणा, मेरठ, सहारनपुर, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश से मसूरी एवं चकराता जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों एवं डायवर्जन प्लान को भी तत्काल लागू किया जाएगा।

मसूरी क्षेत्र में पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत उपयोग होने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा तथा वहां से लोकल टैक्सी के माध्यम से आगे भेजा जाएगा। वहीं अधिक दबाव होने पर प्लान-सी के तहत वाहनों को हाथीपांव और जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ऋषिकेश क्षेत्र में भी ट्रैफिक प्रबंधन हेतु प्लान A, B और C तैयार किए गए हैं। यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में भारी वाहनों को नेपाली फार्म से डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही मुनिकीरेती और श्यामपुर क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।

इसके अलावा ट्रैफिक अपडेट के लिए लोगों से देहरादून पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फॉलो करने की भी अपील की गई है

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments