युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और मुस्कान में झलक रही सरकार की उपलब्धियां : सीएम धामी

रिकॉर्ड भर्ती से खिले 221 युवाओं के चेहरे, धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के विभिन्न पदों पर की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पल युवाओं के वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और संकल्प की सफलता का स्वर्णिम क्षण है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिखाई दे रही मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं को राज्य की वर्तमान और भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।

धामी ने कहा कि नई स्टार्टअप नीति राज्य में स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा दे रही है, जबकि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से युवाओं का अपने सपनों के प्रति विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन अब रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं। पहले जहां युवाओं को निराशा हाथ लगती थी, वहीं अब सरकार उन्हें नियुक्ति पत्र सौंप रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने देगी।

उन्होंने नकल माफियाओं के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। साथ ही विभागों को खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए गए हैं। धामी ने भरोसा दिलाया कि पारदर्शिता, निष्पक्षता और तेज रफ्तार के साथ युवाओं को आगे भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के विकास के सहभागी भी हैं। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की चर्चा करते हुए कहा कि अमृतकाल में सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के बल पर सरकारी नौकरी हासिल कर रहे हैं और तय समय पर नियुक्ति पत्र भी पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के प्रशिक्षण प्रखण्ड के अंतर्गत 173 अनुदेशक, 4 वैयक्तिक सहायक और पशुपालन विभाग में चयनित 9 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिना सिफारिश और पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में शहरी विकास विभाग में 215 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि इस बार विभाग में चयनित 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments