
देहरादून। ओलंपिक पदक विजेता, विश्व विख्यात बॉक्सर और पूर्व राज्यसभा सदस्य मैरीकॉम ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक के दौरान राज्य में खेल और युवाओं के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया।
मुलाकात के दौरान कॉर्पोरेट जगत और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के सहयोग से खेल क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। इस बात पर जोर दिया गया कि निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों के समन्वय से युवाओं की प्रतिभा को निखारा जा सकता है और उनके विकास के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले जा सकते हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और सही अवसर उपलब्ध कराने की रणनीति पर विचार किया गया। उद्देश्य यह है कि राज्य के युवाओं को खेलों के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित किया जा सके।
इसके साथ ही, राज्य में एक मजबूत खेल संस्कृति को विकसित करने पर सहमति बनी, ताकि यहाँ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त और उचित अवसर मिल सकें।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर सचिव रणवीर सिंह, खेल निदेशक दीप्ती सिंह और मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली भी मुख्य रूप से मौजूद रहे और उन्होंने भी खेल विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए।

Recent Comments