
देहरादून । दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को ठगने वाले एक ‘ठग बाबा’ को गिरफ्तार किया है। थाना सेलाकुई पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के आभूषणों को गलाकर बनाए गए करीब 150 ग्राम सोने के बिस्कुट और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को सेलाकुई निवासी ओशीन गुरंग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महंत राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र के नाम पर उन्हें और उनके परिवार को अनिष्ट का भय दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के बहाने 65 तोला सोना ठग लिया। मामले की जांच के बाद 9 जून को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल थापा (34) निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने ठगी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ठगे गए आभूषणों को गलाकर बनाए गए सोने के बिस्कुटनुमा बार और आभूषण बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई करता है और लोगों का भविष्य बताने व पूजा-पाठ के नाम पर धन अर्जित करता था। अधिक पैसे कमाने के लालच में उसने ठगी का तरीका अपनाया। वह अपने परिचित और संपन्न लोगों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता और अगले दिन उन्हें फोन कर अनिष्ट होने का डर दिखाता था। इसके बाद पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम और आभूषण ऐंठता था।
इसी योजना के तहत उसने ओशीन गुरंग के घर के बाहर पोटली फेंककर उन्हें डराया और अनुष्ठान के दौरान चतुराई से उनके और उनकी मां के आभूषण संदूक से निकाल लिए। बाद में संदूक को मंदिर में रखने और 62 दिन बाद खोलने की बात कहकर वह आभूषण अपने साथ ले गया।
पुलिस ने बताया कि मामला तीन माह पुराना होने के कारण शेष आभूषणों की बरामदगी चुनौतीपूर्ण है, जिसके लिए आरोपी का पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके सहयोगियों और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक विवेक भंडारी, कृपाल सिंह सहित थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी टीम के कई कर्मी शामिल रहे।

Recent Comments