
पंडितवाड़ी में श्रीमद्भागवत महापुराण में कृष्ण जन्म पर झूमे श्रद्धालु
देहरादून। पंडितवाड़ी में क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन कथा व्यास श्री राम कृष्ण उनियाल ने अपनी मधुर वाणी में भगवान श्री कृष्ण के अवतरण की कथा सुना कर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। पूज्य व्यास जी ने वासुदेव देवकी की कथा सुनाई और जब भगवान कृष्ण के जन्म का वृतांत सुनाया तो सारा पंडाल जय श्री कृष्ण के उद्घोष से गुंजायमान हो गया।
इस अवसर पर कथा में पहुंचे सदस्य एआईसीसी व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने श्रद्धालुओं को श्रीमद भागवत कथा के आयोजन व कृष्ण जन्म की बधाई देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने स्वयं अपने श्रीमुख से यह उद्घोष किया है कि जब जब पृथ्वी में धर्म की हानि होगी, साधुओं व सज्जनों पर अत्याचार होंगे, झूठ प्रपंच का बोलबाला बढ़ेगा तब मैं स्वयं पृथ्वी पर आऊंगा दुष्टों पापियों प्रपंच व झूठ को प्रश्रय देने वालों को समाप्त करने और साधुओं सज्जनों का उद्धार करने व धर्म की रक्षा करने। श्री धस्माना ने कहा कि श्रीमद भागवत कथा मनुष्य को एक आदर्श जीवन जी कर जीवन के सबसे बड़े सत्य मृत्यु का सामना करना सिखाती है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद अभिषेक तिवारी सोनू,सुनील उनियाल व अनुज दत्त शर्मा ने श्री धस्माना का कथा में पहुंचने पर पंडाल में स्वागत किया इस कथा अयोजन में पूर्व पार्षद अंजू बिष्ट, अतुल बिष्ट, श्रीमती राजेश्वरी डोभाल,श्रीमती रजनी, श्रीमती मधु, आनंद सिंह पुंडीर, अनुज डोभाल और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Recent Comments