
हरिद्वार। उत्तराखण्ड सरकार के उपाध्यक्ष, समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति (राज्य मंत्री स्तर) तथा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने शुक्रवार को जनपद हरिद्वार के ग्राम रसूलपुर स्थित बारात घर में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया।
प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चले इस शिविर में कर्णवाल ने स्थानीय ग्रामीणों एवं योजना लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने एस.आई.आर. (SIR) से जुड़ी समस्या को विशेष गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का संकल्प है कि समाज कल्याण की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरलता एवं पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह शिविर कार्यक्रम मुख्यमंत्री जी द्वारा अनुमोदित था।


बाबा साहेब अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कर्णवाल ने कहा, “बाबा साहेब ने 26 जनवरी 1950 को कहा था कि अब रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा, एक नौकरानी का बेटा भी इस देश का राजा बनेगा। मैंने तुम्हें संविधान में वोट का अधिकार दिया है। इसलिए मताधिकार से बड़ा कोई भी अधिकार शासन प्रणाली में नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा किया जा रहा एस.आई.आर. का कार्य प्रजातांत्रिक शासन प्रणाली में मील का पत्थर साबित होगा।

Recent Comments