
देहरादून। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के चलते हत्या के मामले में फरार चल रहे 20-20 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों ने मामूली विवाद में लोहे के सरिये से हमला कर एक व्यक्ति की जान ले ली थी और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
दिनांक 26 मई 2026 को वादी पिन्टू कुमार ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर दी थी कि मौहम्मद हुसैन और मौहम्मद आसिफ ने उसके चाचा रामफल ऋषि व एक अन्य व्यक्ति हसन पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला किया। हमले में हसन का हाथ फ्रैक्चर हो गया और रामफल ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। उपचार के दौरान 11 जून 2026 को रामफल ऋषि की मौत हो गई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
घटना के बाद से ही दोनों अभियुक्त फरार थे। लगातार फरार रहने पर एसएसपी देहरादून ने दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर कोतवाली डालनवाला में विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जानकारी जुटाई। 12 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सरदाहेड़ी, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर से दोनों इनामी अभियुक्तों मौहम्मद हुसैन उम्र 35 वर्ष और मौहम्मद आसिफ उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त मौहम्मद हुसैन ने बताया कि वह 84 राजपुर रोड स्थित ठाकुर इंफ्रा बिल्डिंग में शटरिंग का ठेकेदार था। पहले वहां फिरोज नाम का ठेकेदार काम करता था जिसे हटाकर साइट मैनेजर ने हुसैन को काम दिया था। इसी रंजिश के चलते 24 मई की रात फिरोज के बेटे अन्ना से हुसैन के मजदूर आसिफ का सरिया की रिंग हटाने को लेकर विवाद हो गया। बीचबचाव में हुसैन ने अन्ना को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद भीड़ इकट्ठा होने पर हुसैन और आसिफ ने पास पड़ी सरिया से वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
हमले में रामफल ऋषि को गंभीर चोटें आई थीं जिनकी बाद में मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने गांव लौट गए और फिर पुलिस से बचने के लिए अलग अलग जगह छिपते रहे। मामला शांत समझकर गांव लौटने पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो सरिये भी बरामद कर लिए हैं।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर, चौकी प्रभारी बलबीर सिंह डोबाल, चौकी प्रभारी विक्की टम्टा, एसओजी प्रभारी संदीप कुमार, का0 विजय सिंह, का0 पंकज मलासी व एसओजी टैक्निकल टीम से हे0का0 किरन कुमार शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस टीम के इस कार्य की सराहना की है।

Recent Comments