
देहरादून। आयुध निर्माणी देहरादून (IOL) परिसर स्थित सीनियर क्लब में रविवार को सीएमआई हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन निर्माणी देहरादून की कार्य समिति के सौजन्य से किया गया, जिसमें कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्य समिति के सचिव श्री संजीव मवाल ने बताया कि शिविर में 40 से अधिक महिला एवं पुरुष कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, ब्लड शुगर एवं अन्य आवश्यक परीक्षण भी निःशुल्क किए गए तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि कार्य समिति द्वारा समय-समय पर कर्मचारियों के हित में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनका कर्मचारियों को भरपूर लाभ मिला है। भविष्य में भी कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।


श्री मवाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए निर्माणी प्रशासन तथा आईओएल मुख्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कर्मचारियों के लिए जनहितकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों को स्वस्थ एवं कार्यक्षम बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Recent Comments