डीएम डॉ. आशीष चौहान ने विकास कार्यों में ढिलाई पर जताई नाराजगी, कहा – ’30 जून तक पूरे करें काम, वरना होगी कार्रवाई’

देहरादून । जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री घोषणाओं और जनपद की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े तेवर दिखाए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग से लेकर भंडारीबाग ओवरब्रिज तक, हर काम की प्रगति पर सवाल उठाते हुए डीएम ने स्पष्ट कहा कि “कार्य समय पर पूरे करें, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।”

बैठक में विभागवार समीक्षा के दौरान शहर में सीवर, पेयजल और विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड कार्य कटिंग की अनुमति न मिलने से रुके होने की बात सामने आई। इस पर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी लंबित मामलों की विस्तृत सूची तुरंत सौंपने के निर्देश दिए, ताकि उच्च स्तर पर समन्वय कर कामों को रफ्तार दी जा सके।

स्थलीय निरीक्षण से तय होगी अफसरों की जवाबदेही
डीएम ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को सभी विभागों के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने दो टूक कहा कि नियमित मॉनिटरिंग और मौके पर सत्यापन से ही कामों की गुणवत्ता और समयबद्धता तय होगी।

मोहब्बेवाला में देरी पर वेतन रोकने की चेतावनी
मोहब्बेवाला क्षेत्र में ट्यूबवेल, ओवरहेड टैंक और राइजिंग मेन बिछाने के काम में हो रही देरी पर डीएम डॉ. चौहान ने गहरी नाराजगी जताई। बैठक में मौजूद जल संस्थान पित्थूवाला के सहायक अभियंता को वेतन रोकने की चेतावनी दी गई। वहीं दून एनक्लेव एक्सटेंशन में प्रस्तावित नलकूप निर्माण के लिए अधिकारियों को 15 दिन के भीतर भूमि चिन्हित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग: 30 जून की डेडलाइन
लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा में सामने आया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रिचार्ज शॉफ्ट के कुल 51 स्वीकृत कार्यों में से सिर्फ 22 ही पूरे हुए हैं। शेष कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए डीएम ने सभी कार्य 30 जून तक पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेताया कि निरीक्षण में यदि किसी स्थल का चयन गलत या त्रुटिपूर्ण मिला तो संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के साथ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

218 करोड़ के काम लटके, भंडारीबाग ओवरब्रिज अगस्त से पहले पूरा करें
लोक निर्माण विभाग के लगभग 218 करोड़ रुपये के लंबित कार्यों पर डीएम ने विस्तृत जानकारी ली और देरी के कारणों पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने सड़क, पुल और अन्य बुनियादी परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। भंडारीबाग ओवरब्रिज निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इसे अगस्त माह से पहले हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जाम से राहत मिल सके।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बैठक के अंत में साफ किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और विकास योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से तय समयसीमा में काम पूरे करें और जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एस.के. गिरि समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments