
उत्तरकाशी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक शुक्रवार को जिला सभागार में टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाई और ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंताओं की अनुपस्थिति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए तत्काल तबादले के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में जनप्रतिनिधियों ने नौगांव, बड़कोट व पुरोला में डॉक्टरों की तैनाती और चिन्यालीसौड़-पुरोला सीएचसी में पोस्टमार्टम सुविधा शुरू करने की मांग उठाई। सांसद ने सीएमओ को प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। दूरसंचार सेवाओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने सीमांत क्षेत्रों में बंद पड़े मोबाइल टावरों को तुरंत चालू करने को कहा।
कृषि विभाग को जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेतों की घेरबाड़ के निर्देश दिए गए। सांसद ने पीएम आवास, उज्ज्वला, स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान समेत सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में शिथिलता न बरतने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, डीएम प्रशांत आर्य, विधायक सुरेश चौहान, संजय डोभाल समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments