रेतीवाला में अवैध प्लाटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर, 10 बीघा में बनी कॉलोनी फिर ध्वस्त

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए विकासनगर तहसील के रेतीवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। अतुल्यम रिजॉर्ट के पास लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी और सीसी सड़क निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार श्री अभिनव बंसल एवं अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के उक्त भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जो उत्तराखंड नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 का स्पष्ट उल्लंघन है। मामले में पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर कार्य जारी रखा गया।

एमडीडीए की टीम ने बताया कि इस अवैध प्लाटिंग को 20 मई 2026 को भी ध्वस्त किया गया था, बावजूद इसके संबंधित पक्ष द्वारा दोबारा निर्माण का प्रयास किया गया। शिकायत मिलने पर प्रवर्तन दल, अभियंत्रण शाखा और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों से अवैध सीसी सड़क और अन्य संरचनाओं को पुनः ध्वस्त कर दिया।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि विभिन्न सेक्टरों में गठित टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

एमडीडीए ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments