
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा की गरिमा, सुरक्षा और शुचिता बनाए रखने के लिए शासन ने सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण पर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में फिल्म, ब्लॉग या रील बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद UFDC से आवेदन और संबंधित जिलाधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
इस व्यवस्था के लिए फिल्म विकास परिषद ने http://ufdc.uk.gov.in वेबसाइट लॉन्च की है। कंटेंट क्रिएटर्स को वेबसाइट पर नाम, आधार कार्ड, सोशल मीडिया लिंक, कंटेंट का विवरण और शूटिंग की अवधि का पूरा ब्योरा देना होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच UFDC करेगा और परीक्षण के बाद अंतिम अनुमति के लिए आवेदन जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही शूटिंग की जा सकेगी। शूटिंग के समय क्रिएटर्स को संबंधित मंदिर समिति को जारी अनुमति पत्र दिखाना भी अनिवार्य होगा।
जिला सूचना अधिकारी उत्तरकाशी ने बताया कि यह कदम चारधाम क्षेत्र में अनियंत्रित शूटिंग पर लगाम लगाने और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

Recent Comments