
देहरादून। कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी मानसून से निपटने की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। उन्होंने सभी विकास कार्य बरसात से पहले पूरे करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को असुविधा न हो।
बैठक में मंत्री ने सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। लोनिवि से कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉडर्न कॉलोनी रोड को मानसून से पहले दुरुस्त करने को कहा। परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए गांधी पार्क की तर्ज पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। पलटन बाजार और प्रिंस चौक पर जलभराव रोकने के लिए दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक 29.14 करोड़ की स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना को जल्द शुरू करने पर जोर दिया।
एमडीए से किसी जिम्मेदार अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने रोष जताया और अधिशासी अभियंता को अगली बैठक में उच्च अधिकारी भेजने को कहा। एमडीए ने बताया कि आढ़त बाजार की शिफ्टिंग ब्राह्मणवाला में 95% पूरी हो चुकी है। प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है और अब तक 78 से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।

मंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से काम करने और जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम, पेयजल, लोक निर्माण, सिंचाई, एमडीए, यूपीसीएल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments