
देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से लाई जा रही 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक को थाना पटेलनगर क्षेत्र में रोककर चेक किया गया, जिसमें भारी मात्रा में शराब पाई गई। पुलिस ने ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह, निवासी बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब मोहाली से लेकर आया था और देहरादून में इसे फुटकर में बेचने की योजना थी।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशों पर राज्य में बाहरी राज्यों से लाई जा रही अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देशन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

बरामद शराब में रायस्टैग, मैकडावल और इंपीरियल ब्लू ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है और थाना पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध शराब तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Recent Comments