
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर लालपुल के पास सड़क से नीचे उतर गई और वहां फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदती हुई सीधे एक होटल के गेट से जा टकराई।
रोजमर्रा की तरह सुबह-सुबह काम की तलाश में फुटपाथ पर बैठे इन बेकसूर मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस अचानक हुए इस भीषण हादसे में राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय आहत नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज नाम के मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि बस होटल के मुख्य द्वार पर जाकर रुक गई, अन्यथा यह हादसा और भी बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हैरानी की बात यह रही कि हादसे के तुरंत बाद समय पर एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए खुद ही मोर्चा संभाला। लोगों ने तुरंत घायलों को बस के नीचे से निकाला और ई-रिक्शा व ऑटो की मदद से नजदीकी श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। इस हादसे के चलते सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि बस चला रहे ड्राइवर अर्जुन गुरुंग को अचानक गाड़ी चलाते समय मिर्गी का दौरा पड़ गया था। इस अप्रत्याशित मेडिकल इमरजेंसी के कारण उसका पूरी तरह से गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और यह भयानक हादसा हो गया। पुलिस ने बस चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ करने के साथ ही मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस मंजर को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी सहमे हुए हैं।

Recent Comments