
बोले- एम्स और एयरपोर्ट से बदलेगी कुमाऊं की तस्वीर
रुद्रपुर, । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर में एक न्यूज़ चैनल के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में प्रदेश के विकास विजन को साझा किया। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और रुद्रपुर अब औद्योगिक राजधानी के रूप में मजबूत पहचान बना चुका है।
CM ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑल वेदर रोड और एक्सप्रेस-वे से प्रदेश में यातायात सुगम हुआ है। किच्छा में दूसरे एम्स का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिससे कुमाऊं और यूपी के सीमावर्ती क्षेत्रों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का कार्य भी जल्द पूरा होगा।
पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी। इससे पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी। मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांवों को ‘प्रथम गांव’ की सोच के साथ विकसित किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि ऊधम सिंह नगर ‘मिनी इंडिया’ है जहां देशभर के लोग भाईचारे से रहते हैं। भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकार ने 12 हजार एकड़ से ज्यादा सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई है। सख्त नकल विरोधी कानून के बाद 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। दंगा विरोधी कानून से संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से भरपाई कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर क्षेत्र विकसित हो। राज्य सरकार आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड देने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments