पेट्रोल पंपों से देशभर तक पहुंचेगा पहाड़ का स्वाद

रीप परियोजना से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगा बड़ा बाजार, डोईवाला  पेट्रोल पंप में खुलेगा प्रदेश का पहला ‘हिलान्स आउटलेट’

देहरादून। उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को अब देशभर में नई पहचान मिलने जा रही है। देहरादून जिला प्रशासन और रीप परियोजना की पहल पर राज्य के व्यस्त पेट्रोल पंपों पर ‘हिलान्स आउटलेट’ खोले जाएंगे। इसकी शुरुआत विकासखंड डोईवाला से होगी, जहां फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के पास स्थित आईओसीएल पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला आउटलेट सजेगा।

जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बीच राज्य स्तर पर हुए एमओयू के बाद यह योजना धरातल पर उतर रही है। जिला परियोजना प्रबंधक रीप सोनम गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में डोईवाला में आउटलेट खोला जा रहा है। इसके बाद जिले के अन्य प्रमुख पेट्रोल पंपों पर भी हिलान्स आउटलेट का विस्तार किया जाएगा।

इन आउटलेट्स पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचेंगे। यहां गहत, भट्ट, तोर जैसी पारंपरिक पहाड़ी दालें, शुद्ध पहाड़ी मसाले, जड़ी-बूटियां, स्थानीय डेयरी उत्पाद और हस्तनिर्मित हैंडीक्राफ्ट सामान एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। अक्सर बाजार की कमी से जूझने वाले समूहों को अब पेट्रोल पंपों पर रुकने वाले लाखों पर्यटकों और स्थानीय लोगों का बड़ा ग्राहक वर्ग मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और महिला सशक्तिकरण के विजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। अब देहरादून आने वाले सैलानी गाड़ियों में ईंधन के साथ उत्तराखंड का पारंपरिक स्वाद, खुशबू और संस्कृति भी याद के तौर पर साथ ले जा सकेंगे।

यह पहल सिर्फ दुकानें खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में रहने वाली हजारों महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक आजादी की नई इबारत लिखेगी। पहाड़ की महिलाएं अपने उत्पादों के दम पर अब देशभर में मिसाल बनने को तैयार हैं।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments