केतन हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर व विधायक उमेश कुमार को हरिद्वार में पुलिस ने रोका

समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे और बैठे धरने पर

शंकराचार्य चौक पर पुलिस से तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की के बीच सांसद के कपड़े फटे; दोनों नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

हरिद्वार। टिहरी गढ़वाल के चर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात के लिए रवाना हुए नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार को रविवार को हरिद्वार में पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। शंकराचार्य चौक पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। हंगामे के बीच सांसद चंद्रशेखर के कपड़े भी फट गए। इसके विरोध में दोनों नेता अपने समर्थकों के साथ सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के टिहरी पहुंचने की सूचना पहले से मिलने पर हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शंकराचार्य चौक पर स्थानीय पुलिस के साथ बड़ी संख्या में अर्द्धसैनिक बल तैनात किया गया था। जैसे ही नेताओं का काफिला वहां पहुंचा, पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

इसके बाद सांसद चंद्रशेखर और विधायक उमेश कुमार वाहन से उतरकर पैदल आगे बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें वहीं रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चली और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आगे जाने की मांग पर अड़े रहे।

सांसद चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से जानबूझकर रोका जा रहा है। उनका कहना था कि केतन हत्याकांड के बाद परिवार भय के माहौल में जी रहा है और उनके आग्रह पर ही वे उनसे मिलने जा रहे थे। उन्होंने पुलिस पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का भी आरोप लगाया।

वहीं विधायक उमेश कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर परिवार की सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

धरने के चलते शंकराचार्य चौक पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फिलहाल पुलिस अधिकारी दोनों नेताओं से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments