
मसूरी (देहरादून): माल रोड पर प्राइवेट वाहन में अवैध हूटर लगाकर खुद को VIP बताने वाले चालक के खिलाफ मसूरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने HR 51 AZ 0050 नंबर की सफेद Toyota कार को मौके पर ही सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 जून को कोतवाली मसूरी पुलिस ने माल रोड पर चेकिंग के दौरान पाया कि उक्त वाहन में बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से हूटर लगा था।
चालक बार-बार अनावश्यक रूप से हूटर बजाकर आमजन पर रौब झाड़ रहा था और खुद को VIP दर्शाने का प्रयास कर रहा था। प्राइवेट वाहन में अवैध हूटर का प्रयोग मोटर वाहन अधिनियम और शासन के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
सीज वाहन का विवरण: वाहन संख्या – HR 51 AZ 0050 (TOYOTA), सफेद रंग
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपने निजी वाहन में अवैध रूप से हूटर, फ्लैश लाइट या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रयोग न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नियम सम्मत यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Recent Comments