लालकुआँ में कांग्रेस का भाजपा पर हल्ला बोल, परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से बदलाव का दिया संदेश

करन माहरा, यशपाल आर्य व सुमित हृदयेश ने गिनाईं सरकार की नाकामियां, कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर अभियान चलाने का मंत्र

हल्दूचौड़। लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस पार्टी ने हल्दूचौड़ में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सरकार को घेरा, साथ ही कार्यकर्ताओं से जन-जन तक बदलाव का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है और भर्ती परीक्षाएं लगातार पेपर लीक की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार को मौजूदा सरकार की पहचान करार देते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया और कहा कि महिला अपराधों पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने महंगाई, गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण जैसी नीतियों को आम आदमी पर बोझ बताया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि हकीकत में जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन के मूड में है।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को दांव पर लगा दिया है और शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य क्षेत्र की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जबकि सरकार सिर्फ प्रचार-प्रसार में जुटी है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल आर्य ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता निराश है।

सम्मेलन में मौजूद नेताओं ने एकजुट स्वर में कहा कि कांग्रेस का ‘परिवर्तन संकल्प अभियान’ उत्तराखंड को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों से निजात दिलाने की दिशा में एक निर्णायक पहल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी जिला अनुशासन समिति अध्यक्ष उमेश कबड़वाल ने निभाई। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments