चम्पावत में ₹65.95 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास, सेवा पखवाड़े में मुख्यमंत्री ने महिलाओं संग बनाई रोटी

कहा- “शारदा तटबंध सुरक्षित भविष्य की नींव”

चम्पावत। सेवा पखवाड़े के तहत जनपद चम्पावत के बूमघाट में रविवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण कार्य और ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरी तहसील के ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा हेतु हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

स्थलीय निरीक्षण कर दिए गुणवत्ता के निर्देश
कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पारंपरिक टीका, पटका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ स्थानीय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने आत्मीय स्वागत किया।

सेवा पखवाड़े के स्टालों का लिया जायजा, महिलाओं संग बनाई रोटी
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगाए गए विभागीय स्टालों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के स्टालों पर उन्होंने योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

महिला स्वयं सहायता समूह के स्टाल पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी बनाई। उनके सहज व्यवहार से महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य शिविर में मुख्यमंत्री ने निक्षय योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंधन समितियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, खिरद्वारी जनजाति समूह, व्यापार मंडल, कृषक बंधुओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।

“शारदा तटबंध विकास की आधारशिला” – मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा “माँ शारदा नदी लाखों परिवारों के जीवन और आजीविका का आधार है। जहाँ जल होता है, वहीं जीवन होता है।”

चम्पावत की जनता के स्नेह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें माँ पूर्णागिरि धाम आने का अवसर मिलता है, यहां का अपनापन उन्हें परिवार जैसा लगता है। चम्पावत की जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

शारदा कॉरिडोर और अन्य विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ₹3300 करोड़ की लागत से शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की नई पहचान देने को प्रतिबद्ध है। इसके तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित अनेक धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों की आय बढ़ाने पर भी काम हो रहा है।

पीएम मोदी के “विकास भी और विरासत भी” मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम सहित धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना पर भी कार्य तेज हैं।

उन्होंने कहा “आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विकसित चम्पावत, सुरक्षित भविष्य और समृद्ध उत्तराखण्ड की मजबूत नींव हैं।”

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख आंचल बोरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक राजवार, जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिला सहप्रभारी हिमांशु बिष्ट, एसपी रेखा यादव, सीडीओ जी.एस. खाती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments