

अधिकारियों की नियमित उपस्थिति, तहसील स्तर पर जनसेवाओं की उपलब्धता और स्थानीय समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
उत्तरकाशी । तहसील भटवाड़ी के रामलीला मैदान में विकास संघर्ष समिति बैनर तले अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों से क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने धरना स्थल पर पहुंचकर वार्ता की।धरना स्थल पर ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख समस्याएं रखी। ग्रामीणों का कहना था कि तहसील भले ही भटवाड़ी में है,लेकिन यहाँ के अधिकारी और कर्मचारी अपने काम जिला मुख्यालय से निपटा रहे हैं,जिससे स्थानीय जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की कि सभी अधिकारी व कर्मचारी नियमित रूप से भटवाड़ी तहसील में बैठें।
इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही ठोस आश्वासन देते हुए कहा कि कर्मचारियों/ अधिकारियों के लिए हफ्ते में दो दिन अनिवार्य रूप से तहसील भटवाड़ी में बैठने के लिए निर्धारित किए जाएंगे,ताकि जनता को परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने आल वेदर सड़क निर्माण एवं केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही।

इस दौरान गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट,एसडीएम शालिनी नेगी,मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल,खंड विकास अधिकारी हेमलता,खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments