

क्षैतिज आरक्षण में चिन्हिकरण की मांग को लेकर जगमोहन नेगी के नेतृत्व में 10 जुलाई को ‘देहरादून चलो’, पौड़ी में तारीफ तो देहरादून में लापरवाही का आरोप
देहरादून। राज्य आंदोलनकारियों को नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण के आधार पर चिन्हित करने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों में भारी रोष है। चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक और उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने राज्यभर के आंदोलनकारियों से 10 जुलाई को ‘देहरादून चलो’ का आह्वान किया है। उत्तराखंड आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष जगमोहन नेगी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान का घेराव किया जाएगा।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि जिलाधिकारी देहरादून आने के बाद से लगातार सूखे आश्वासन देते रहे हैं, लेकिन देहरादून के सैकड़ों राज्य आंदोलनकारियों का चिन्हिकरण और उन्हें नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण के आधार पर समाहित करने में वे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से इस मुद्दे पर दो-तीन बार बातचीत हो चुकी है। उन्होंने माना कि पौड़ी में तैनाती के दौरान आशीष चौहान ने इस मामले में अच्छा काम किया था, लेकिन देहरादून में उनकी लापरवाही से आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है।

Recent Comments