

देहरादून। डोईवाला विधानसभा में उत्तराखण्ड क्रांति दल की ओर से डॉ. सौम्या चौधरी के आह्वान पर आयोजित परिवर्तन रैली एवं जनसंवाद कार्यक्रम में रविवार को भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली में मातृशक्ति, युवा शक्ति, पूर्व सैनिकों, किसानों, व्यापारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की अभूतपूर्व भागीदारी ने यह संदेश दिया कि डोईवाला की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
डॉ. सौम्या चौधरी ने कहा कि आज का जनसमर्थन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की जनता की आवाज़ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ परिवर्तन का संकल्प दोहराया, उससे स्पष्ट है कि जनता वर्तमान व्यवस्था से जुड़े अनेक मुद्दों को लेकर चिंतित है और एक नए विकल्प की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।
उन्होंने कहा कि आज डोईवाला का वातावरण यह संकेत दे रहा था कि यदि जनता को अवसर मिले तो प्रदेश की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत हो सकती है। रैली में उमड़े जनसमूह ने यह साबित कर दिया कि उत्तराखण्ड क्रांति दल की विचारधारा और क्षेत्रीय मुद्दों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

डॉ. सौम्या चौधरी ने बताया कि इस परिवर्तन रैली में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे और बिना किसी स्वार्थ के उत्तराखण्ड के हित में अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने इस अपार स्नेह और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समर्थन उनके लिए जिम्मेदारी और अधिक बढ़ाता है।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने उत्तराखण्ड के मूल मुद्दों, रोजगार, भू-कानून, मूल निवास, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय स्वाभिमान पर अपने विचार रखे तथा जनता से प्रदेशहित की इस मुहिम को और मजबूत करने का आह्वान किया।
अंत में डॉ. सौम्या चौधरी ने कहा कि यह परिवर्तन रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि डोईवाला विधानसभा से उठी जनभावनाओं की मजबूत अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखण्ड में जनहित, पारदर्शिता और क्षेत्रीय अस्मिता की लड़ाई पहले से अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।

Recent Comments