कांवड़ मेला 2026 की तैयारियां तेज, DM और SSP ने किया ग्राउंड जीरो का निरीक्षण 

कांवड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, पेयजल से लेकर बैरिकेडिंग तक पुख्ता इंतजाम 

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी कार्य 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान DM और SSP ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि मेले में रोजाना लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता और समन्वय से जिम्मेदारी निभाएं।

भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन को सफल आयोजन का आधार बताते हुए DM ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन को संयुक्त रूप से नियमित भ्रमण कर निगरानी करने और समस्याओं का तुरंत समाधान करने को कहा।

SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की। कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments