DM प्रशांत आर्य ने ली RBSK-पीसीपीएनडीटी बैठक, स्कूलों में 100% जांच, अल्ट्रासाउंड केंद्रों में लगेंगे एक्टिव ट्रैकर

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) एवं पीसीपीएनडीटी सलाहकार समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दोनों कार्यक्रमों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण के समय बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित एवं संदर्भित बच्चों को समयबद्ध रूप से स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के लिए संबंधित अध्यापकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए। साथ ही आरबीएसके टीमों को सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का शत-प्रतिशत भ्रमण करते हुए बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, संदर्भित बच्चों का नियमित फॉलो-अप तथा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले सकें।

बैठक में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत जनपद के लिंगानुपात एवं अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 05 शासकीय एवं 02 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अल्ट्रासाउंड मशीनों में एक्टिव ट्रैकर स्थापित किया जाए और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीसीपीएनडीटी अधिनियम का कड़ाई से अनुपालन करते हुए अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण, अभिलेखों एवं रखरखाव की गहन जांच तथा अधिनियम के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कोठियाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी पलड़िया, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) शोयब हुसैन, पीसीपीएनडीटी की विधिक सलाहकार श्रीमती पमीता थपलियाल, रेणुका समिति के अध्यक्ष प्रज्वल उनियाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हरदेव राणा, आरबीएसके प्रबंधक मनोज भट्ट तथा जिला समन्वयक (पीसीपीएनडीटी) गिरीश व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments