एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय ने घोषित किया पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2025-26 का परिणाम, पहली बार कार्बनलेस OMR शीट से बढ़ी पारदर्शिता

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आयोजित पीएचडी प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 12 जुलाई 2026 को आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थियों की आगे की प्रवेश प्रक्रिया संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी कराई जाएगी।

प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय ने पहली बार पीएचडी प्रवेश परीक्षा में कार्बनलेस ओएमआर शीट का सफल प्रयोग किया। इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी ओएमआर शीट की कार्बन प्रति साथ ले जाने की सुविधा दी गई, जिससे वे विश्वविद्यालय द्वारा जारी उत्तर कुंजी के आधार पर अपने उत्तरों और प्राप्तांकों का स्वयं सत्यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी अधिसूचनाओं के अनुसार यूजीसी-नेट, गेट, जीपैट, सीड, आईसीएआर-नेट तथा डीएसटी इंस्पायर फेलोशिप जैसी पात्रताओं के आधार पर प्रवेश परीक्षा से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों को भी संबंधित विभागों द्वारा साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय के नियमों, यूजीसी विनियमों तथा संबंधित अधिसूचनाओं के अनुरूप किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के अधिकारी डॉ. वाई.पी. रैवानी द्वारा जारी अधिसूचना में सभी अभ्यर्थियों से प्रवेश, दस्तावेज़ सत्यापन, साक्षात्कार तथा अन्य औपचारिकताओं से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित विभागों से नियमित संपर्क बनाए रखने की अपील की गई है।

विश्वविद्यालय द्वारा समयबद्ध परिणाम घोषित करने, कार्बनलेस ओएमआर शीट जैसी पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा छूट श्रेणी के अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करने की व्यवस्था को उच्च शिक्षा में तकनीक आधारित, निष्पक्ष और पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments