

हरिद्वार। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे जनपद को हिला कर रख दिया है। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर कर दिया है।
DM ने सभी विभागीय और तहसील स्तर के अधिकारियों को फील्ड में डटे रहने का आदेश दिया है। उनका साफ निर्देश है कि कहीं भी जलभराव, सड़क धंसने या पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करे। जिन क्षेत्रों में पानी भर रहा है वहां पंप और अन्य संसाधनों से तुरंत निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश से सरकारी या निजी संपत्ति को कोई नुकसान होता है तो उसका तुरंत आकलन कर रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को भेजी जाए। किसी भी आपदा की सूचना मिलने पर देरी बर्दाश्त नहीं होगी। कंट्रोल रूम को हर पल की अपडेट देने के निर्देश दिए गए हैं।
सावन में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए DM ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों और नदी के तेज बहाव वाले इलाकों में बिल्कुल न जाएं। प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। जान जोखिम में डालकर सेल्फी या स्नान करना खतरनाक हो सकता है।
इसके साथ ही नदी किनारे बसी बस्तियों के लोगों से भी नदी के पास अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी गई है। बढ़ते जलस्तर के कारण किसी भी समय स्थिति बिगड़ सकती है।
DM मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहानि और संपत्ति की क्षति को न्यूनतम रखना है। सभी अधिकारी समन्वय बनाकर काम करें और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।

Recent Comments