देहरादून में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान तेज: 5.47 लाख मतदाताओं को नोटिस, 3 अगस्त से लगेंगे विशेष शिविर

देहरादून। जनपद में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति साझा की और सभी दलों से सहयोग मांगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के आधार पर अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की सूचियों के मिलान में विसंगति, अधूरे विवरण या डेटा न मिलने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस भेजे जा रहे हैं। पारदर्शिता के लिए बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस तामील कर रहे हैं और आयोग के ऐप पर फोटो अपलोड कर रहे हैं। 30 जुलाई तक 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, शेष 2-3 दिन में पूरे कर दिए जाएंगे।
 
आपत्तियों के निस्तारण और विवरण सुधार के लिए 3 अगस्त से 29 अगस्त तक सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में बूथवार सुनवाई शिविर लगेंगे। इसी अवधि में नए पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 भी लिए जाएंगे। नागरिक 11 सितंबर तक सुधार करा सकेंगे। इसी दिन सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण कर सूची फ्रीज होगी और 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

जिले की 10 विधानसभाओं में कुल 2045 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए 10 ईआरओ और 222 एईआरओ तैनात किए गए हैं। डॉ. चौहान ने सभी राजनीतिक दलों से हर बूथ पर बीएलए-2 तैनात करने की अपील की। दलों ने नोटिस प्राप्त नागरिकों की सूची मांगी, जिस पर विचार का आश्वासन दिया गया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित कांग्रेस, भाजपा, बसपा और आप के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments