

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के लिए आज 31 जुलाई को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव और फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ का खतरा है।
स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र SEOC ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारियों को राहत और बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया है।
प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने, मार्ग बंद होने पर तुरंत खोलने और पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण व BRO के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की छूट भी दी गई है।
आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। नदी-नालों के पास न जाएं, पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा टालें। किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन केंद्र या टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 और आपात सेवा 112 पर संपर्क करें।
प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात हैं।

Recent Comments