भाजपा नेताओं की आपसी ‘कुर्सी की जंग’ में बलि चढ़ रहा टिहरी मेडिकल कॉलेज: डॉ. प्रतिमा सिंह

देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने टिहरी मेडिकल कॉलेज के स्थापना स्थल को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच चल रही नूराकुश्ती पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विज्ञापनों में नंबर वन रहने वाली इस ‘डबल इंजन’ सरकार के दोनों पुर्जे विकास कार्यों को ठप कर आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए हैं। इन दोनों नेताओं के अहंकार और आपसी ‘जूतमपैजार’ के कारण टिहरी की भोली-भाली जनता वर्षों से एक अदद मेडिकल कॉलेज के लिए तरस रही है।धरातल पर शून्य और विज्ञापनों में नंबर वन रहने वाली ‘डबल इंजन’ सरकार के दो पुर्जे आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए हैं। एक तरफ खुद को टिहरी का ‘तपस्वी’ बताने वाले भाजपा विधायक चार साल बाद अचानक गहरी नींद से जागे हैं, तो दूसरी तरफ ‘सुपर सीएम’ की तरह व्यवहार करने वाले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जनभावनाओं को ठेंगे पर रखकर कॉलेज को जबरन अपनी मनपसंद जगह खींच रहे हैं। डबल इंजन सरकार के ‘इंजन’ आपस में ही टकरा रहे हैं विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं किशोर उपाध्याय और सुबोध उनियाल के बीच वर्चस्व की लड़ाई से टिहरी की जनता बेहाल नज़र आ रही है।

प्रेस को जारी बयान में डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्र के विकास या जनता के स्वास्थ्य से कोई सरोकार नहीं है। ‘इणिया’ बनाम ‘पिफल्टी’ का यह पूरा विवाद सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक वर्चस्व, ठेके-पट्टों की मलाई और अपनी ढहती साख को बचाने का एक फ्लॉप नाटक है। भाजपा हमेशा राष्ट्रवाद का ढोल पीटती है, लेकिन टिहरी में इनका ‘क्षेत्रवाद’ और ‘अहंकार’ खुलकर सड़कों पर आ गया है।उन्होंने याद दिलाया कि इस कॉलेज की घोषणा सालों पहले हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार आज तक धरातल पर एक ईंट भी नहीं रख पाई। अब जब चुनावी हवा बदलने लगी है, तो दोनों नेता इस काल्पनिक कॉलेज का ‘श्रेय’ लूटने के लिए आपस में कुश्ती लड़ रहे हैं। विधायक जी चार साल तक सत्ता का सुख भोगते रहे और अब अचानक जनता के हमदर्द बनकर ‘संयुक्त संघर्ष समिति’ के पीछे छिपने का प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि भाजपा अपनी अंदरूनी कलह बंद कर जनहित के आधार पर कॉलेज का निर्माण तुरंत शुरू करे, अन्यथा कांग्रेस दोनों नेताओं का पुरजोर घेराव करेगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments