

देहरादून । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों की आशंका जताते हुए कांग्रेस ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची से नाम हटाने संबंधी फॉर्म-7 के उपयोग पर कड़ी निगरानी की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और बीएलए/बीएलए-2 के माध्यम से ऐसी सूचनाएं मिली हैं, जिनसे आशंका व्यक्त की जा रही है कि कुछ मामलों में पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का दुरुपयोग हो सकता है। ऐसे में पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए जाने की आवश्यकता है।
कांग्रेस ने मांग की है कि एसआईआर के दौरान प्राप्त होने वाले सभी फॉर्म-7 आवेदनों का विवरण प्रतिदिन सार्वजनिक किया जाए, ताकि संबंधित मतदाता समय रहते जानकारी प्राप्त कर सकें। साथ ही किसी भी नाम को मतदाता सूची से हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को विधिवत नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए तथा प्रत्येक मामले का मौके पर सत्यापन कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि यदि किसी क्षेत्र से असामान्य संख्या में फॉर्म-7 आवेदन प्राप्त होते हैं या उनकी प्रकृति संदिग्ध प्रतीत होती है, तो ऐसे मामलों की स्वतंत्र जांच कराई जाए और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इसके साथ प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सभी का विश्वास बना रहे।

Recent Comments