मुख्यमंत्री धामी ने दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र का किया शुभारंभ, युवाओं से बड़े सपने देखने का किया आह्वान

बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला और केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण, कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम भी हुआ शुरू

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 एवं युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल कक्षा और परीक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नई सोच विकसित करने और जीवन की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बने बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि केंद्रीय पुस्तकालय अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। रेडियो स्टेशन के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद सृजित किए जाएंगे, विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था होगी, तथा स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाइनीज और जापानी सहित विदेशी भाषा विभागों को सुदृढ़ कर वहां आवश्यक पद सृजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है और भारत की विशाल युवा आबादी विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालयों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है और साइंस सिटी तथा एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। प्राध्यापकों को शोध प्रोत्साहन योजना के तहत 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है, तथा प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया और कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की भूमिका अहम है।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments