राहुल गांधी से मिले उत्तराखंड के कर्मचारी और युवा संगठन, घोषणा-पत्र में मांगें शामिल करने का भरोसा

नई दिल्ली। उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में उत्तराखंड के चार प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने पुरानी पेंशन बहाली, उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण, नर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं तथा बेरोजगार युवाओं से जुड़े रोजगार और भर्ती के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

प्रतिनिधिमंडलों ने राहुल गांधी के समक्ष कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, नर्सिंग स्टाफ, युवाओं और बेरोजगारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मांगों को लेकर संबंधित संगठन लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और अब इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाए जाने की आवश्यकता है।

घोषणा-पत्र में मांगें शामिल करने का भरोसा
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने कहा कि उठाए गए विषयों का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से संबंधित महत्वपूर्ण मांगों को कांग्रेस के आगामी घोषणा-पत्र में शामिल करने की दिशा में पार्टी स्तर पर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

पुरानी पेंशन से लेकर रोजगार तक के मुद्दे उठे
प्रतिनिधियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली को कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। वहीं उपनल कर्मचारियों ने नियमितीकरण और सेवा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से राहुल गांधी को अवगत कराया। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े विषयों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को सामने रखा।

प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में रोजगार और स्थायी सरकारी सेवाओं से जुड़े मुद्दे युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं। लंबे समय से चल रहे आंदोलनों और मांगों के बावजूद कई विषयों का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

चार संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
उत्तराखंड बेरोजगार संघ की ओर से राम कण्डवाल, सुरेश सिंह, नितिन दत्ता, बिट्टू वर्मा और विशाल शामिल रहे।

उपनल कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, हरीश कोठारी, अजय डबरियाल, विजय राम शर्मा, गणेश गोदियाल, संतोष पन्त, भरत सिंह भण्डारी, नरदेव सिंह, भूपेन्द्र नेगी, रमेश डोभाल और अजय देव मौजूद रहे।

नर्सिंग कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल में नवल पुण्डीर, राजेन्द्र कुकरेती, सीरा बधानी, सपना राठौर और परवेश रावत शामिल रहे।

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की ओर से बी.पी. सिंह रावत, विकन सिंह रावत, मनोज अवस्थी, सीता राम पोखरियाल, अनीता विश्वकर्मा और मक्खन लाल शाह ने प्रतिनिधित्व किया।

प्रतिनिधिमंडलों ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगी और आगामी कांग्रेस घोषणा-पत्र में कर्मचारियों, युवाओं एवं बेरोजगारों की मांगों को उचित स्थान मिलेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments