

औद्यानिकी एवं वानिकी में संयुक्त शोध और विद्यार्थियों को पारस्परिक लाभ पहुंचाने पर सहमति
श्रीनगर (गढ़वाल)। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के कुलपति प्रो. बी.पी. भट्ट ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के दौरान दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रो. भट्ट ने इस अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय में बिताए अपने अध्ययनकाल के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि इस संस्थान के साथ उनका आत्मीय और पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने विशेष रूप से औद्यानिकी एवं वानिकी के क्षेत्र में दोनों विश्वविद्यालयों के मध्य बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
दोनों कुलपतियों ने संयुक्त शोध परियोजनाओं, शैक्षणिक आदान-प्रदान और विशेषज्ञों के सहयोग से नवाचार को नई दिशा देने की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों के शिक्षकों और शोधार्थियों के आपसी सहयोग से विद्यार्थियों को शैक्षणिक दृष्टि से व्यापक लाभ पहुंचाया जा सकता है। भविष्य में अकादमिक सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
इस अवसर पर डीन प्रो. मोहन सिंह पंवार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आर.एस. नेगी, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार सहित दोनों विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Recent Comments