

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले भर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जिले की सीमाओं से लेकर आंतरिक मार्गों तक व्यापक और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय पर्व के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराना और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों, सामरिक दृष्टि से संवेदनशील स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है। सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने के उद्देश्य से इन स्थानों पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (BDS) की मदद से आकस्मिक चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों एवं वाहनों का गहन सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही थाना स्तर पर टीमों का गठन कर होटल, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में ठहरे लोगों का ब्योरा खंगाला जा रहा है।


आमजन में सुरक्षा और विश्वास का भाव पैदा करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा नगर एवं देहात क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की। पुलिस ने जनता से आग्रह किया है कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Recent Comments